2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, चंदौसी में समीक्षा बैठक आयोजित

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

चंदौसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जनपद संभल की चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद शाह, राष्ट्रीय सचिव मुनकाद अली पासा, राष्ट्रीय सचिव तरुण प्रधान एवं मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने भाग लिया। आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधर ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए मोहम्मद फहद शाह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने बीएलए, सेक्टर एवं जोन प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में सेक्टर एवं जोन प्रभारियों से क्षेत्रवार रिपोर्ट ली गई। बूथ अध्यक्षों ने अपने-अपने बूथों की स्थिति, समस्याओं और सुझावों से नेतृत्व को अवगत कराया। राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा एवं जनहितकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए सभी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी को मजबूत करें। जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधर ने प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का संकल्प दिलाया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक 15 दिन में सेक्टर स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर संगठनात्मक कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *