(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार कुल 13 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण एवं नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक सत कुमार को आरटीसी से प्रभारी निरीक्षक चन्दौसी, निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह को साइबर सेल से प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना तथा निरीक्षक पवनवीर सिंह राणा को विभिन्न प्रकोष्ठों का प्रभार सौंपा गया है। वहीं निरीक्षक नरेश पाल को सम्भल से प्रभारी निरीक्षक धनारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक सचिन कुमार को बनियाठेर से थाना प्रभारी कैलादेवी, उपनिरीक्षक संजय कुमार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से थाना प्रभारी नखासा तथा उपनिरीक्षक बृजेन्द्र कुमार को एसओजी से थाना प्रभारी बनियाठेर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा रायसत्ती, रजपुरा, बबराला और अन्य थानों में भी नई तैनातियां की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह फेरबदल जनपद में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। प्रशासनिक दृष्टि से यह बदलाव जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।