संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार जिला संभल समाजवादी पार्टी द्वारा वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने वीरांगना ऊदा देवी पासी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी 1857 की क्रांति की एक अमर योद्धा थीं, जिनकी वीरता ने अंग्रेजों को भी हैरान कर दिया था। उन्होंने बताया कि पति मक्का पासी के शहीद होने के बाद ऊदा देवी ने अंग्रेजों से बदला लेने का संकल्प लिया था। 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदर बाग में युद्ध के दौरान पुरुष वेश धारण कर पीपल के पेड़ पर चढ़कर उन्होंने अकेले ही 30 से अधिक ब्रिटिश सैनिकों को मार गिराया था।
जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शंखधर ने कहा कि अंग्रेज इतिहासकारों ने भी उनकी बहादुरी का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि ऊदा देवी दलित समाज से आने वाली पहली महिला स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल थीं, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।