सम्भल, 20 सितंबर। लम्पी स्किन डिजीज (LSD) की रोकथाम को लेकर सम्भल जिले में पशुपालन विभाग का व्यापक टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान जारी है। जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश पर जिले के सभी विकासखंडों में पशु चिकित्सा विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर गौवंशों का टीकाकरण कर रही हैं। अब तक 82 हजार से अधिक गौवंशों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण की रोकथाम के लिए रिंग वैक्सीनेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वह स्वयं फील्ड में पहुंचकर अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं। पशु चिकित्सकों, पशुधन प्रसार अधिकारियों और पैरावेट टीमों के समन्वय से टीकाकरण कार्य कराया जा रहा है।
ग्राम नूरपुर ततारपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए रिंग वैक्सीनेशन के साथ समीपवर्ती गांवों में भी सघन टीकाकरण कराया जा रहा है। पशुपालकों को लम्पी के लक्षण, पशुओं की स्वच्छता और संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
विभाग ने पशुपालकों से समय से टीकाकरण कराने और लम्पी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र या पशु चिकित्साधिकारी को सूचना देने की अपील की है।