चन्दौसी। कस्बा चन्दौसी में आयोजित गणेश चौथ मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री विकास चन्द्र त्रिपाठी ने मेले में ड्यूटी के लिए लगाए गए पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के लिए सतर्क रहने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय और पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने तथा श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/पुलिस अधीक्षक श्री कुलदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी चन्दौसी श्री विवेक जावला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।