प्रेम-प्रसंग की आशंका, पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित कर शुरू की पड़ताल
संभल। चंदौसी क्षेत्र के सैंजनी गांव के बाहर खेत में शनिवार सुबह युवक और युवती के शव आम के पेड़ पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संभल विकास चंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीओ चंदौसी तथा एफएसएल की फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए।
सूत्रों के अनुसार, मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने टीम गठित कर दी है। गठित टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों तथा ग्रामीणों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।