
संभल। थाना असमोली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस मुठभेड़, लूट और चोरी के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई 19 सितंबर 2026 को मनौटा बाजार तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान उर्फ भोला पुत्र इकराम, नदीम उर्फ कट्टलू उर्फ सुन्नी पुत्र रियासत, दोनों निवासी भोजपुर, मुरादाबाद तथा आरिफ उर्फ भुक पुत्र शक्कू निवासी टोड़ा भीम, करौली, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे बरामद किए। इनमें एक 315 बोर का तमंचा दो जिंदा कारतूस तथा दूसरा 32 बोर का तमंचा तीन जिंदा कारतूस के साथ मिला। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, करीब 20 ग्राम वजन की ठोस पीली धातु और 12,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अवसर मिलने पर चोरी और लूट करने की बात पुलिस को बताई। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी मुकदमा संख्या 212/2026 में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।