सम्भल। पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र की बैठक शनिवार को पुलिस लाइन बहजोई में आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत और क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह के पर्यवेक्षण में हुई बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष डॉ. रूकमपाल सिंह ने की।
बैठक में पति-पत्नी के बीच उत्पन्न पारिवारिक विवादों और मतभेदों से संबंधित पत्रावलियों पर काउंसलिंग कराई गई। काउंसलर्स के सहयोग से दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का निस्तारण कराने का प्रयास किया गया।
कुल 180 पत्रावलियों की सुनवाई की गई, जिनमें से 40 पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। इनमें 18 प्रकरणों में दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समझौते के लिए राजी कराकर परिवारों को दोबारा साथ रहने के लिए तैयार किया गया। वहीं दो मामलों में परिस्थितियों को देखते हुए विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई।
इसके अलावा 20 पत्रावलियों में आवेदक या आवेदिका के काउंसलिंग के लिए उपस्थित न होने तथा प्रकरण में पैरवी नहीं किए जाने के कारण पत्रावलियों को बंद कर दिया गया।
बैठक में काउंसलर्स अखिलेश अग्रवाल, लवमोहन वार्ष्णेय, संगीता भार्गव, कंचन माहेश्वरी, श्वेता गुप्ता, सीमा आर्य और बबीता शर्मा समेत परिवार परामर्श केंद्र के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।