(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल चंदौसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा नेत्री एवं चंदौसी विधानसभा-31 से उपविजेता रहीं एडवोकेट विमलेश कुमारी के नेतृत्व में उनके आवास पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुई, जिसमें अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई। इसके बाद केक काटकर कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन मनाया तथा मिठाई वितरित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए विमलेश कुमारी ने कहा कि अखिलेश यादव युवाओं की उम्मीद हैं और उनके नेतृत्व में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पीडीए पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। विमलेश कुमारी ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और संगठन की मजबूती तथा सामाजिक एकता का संकल्प लिया।