तमिलनाडु में विजय का ‘राजतिलक’, राज्यपाल ने सरकार बनाने का दिया न्योता, आज सुबह 11 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख विजय अब राज्य की सत्ता संभालने जा रहे हैं। कांग्रेस और वामपंथी दलों के समर्थन के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, जिसे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही विजय को आधिकारिक तौर पर सरकार बनाने का न्योता दे दिया गया है। वह आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। टीवीके ने चुनाव में 108 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद कांग्रेस के 5 विधायकों और CPI, CPI(M) तथा VCK के कुल 6 विधायकों के समर्थन से विजय बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गए। इस नए राजनीतिक समीकरण ने राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

विजय ने शुक्रवार को तीसरी बार राजभवन पहुंचकर समर्थन पत्र सौंपा था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन का न्योता दिया। वहीं, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजभवन के बाहर भारी भीड़ जुटने की संभावना है और विजय समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

गौरतलब है कि विजय ने पेरांबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। अब सिनेमा से राजनीति तक का उनका सफर एक नई जिम्मेदारी और चुनौतियों के दौर में प्रवेश करने जा रहा है।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *