पश्चिम बंगाल की राजनीति आज एक नए अध्याय में प्रवेश करने जा रही है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाला यह शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है।
25 बैशाख और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में बंगाली संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। पहली बार किसी मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह है।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और एनडीए शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद और कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कोलकाता पुलिस ने पूरे ब्रिगेड परेड ग्राउंड को 35 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। हर प्रमुख सेक्टर की निगरानी एक आईपीएस अधिकारी के जिम्मे होगी। पुलिस आयुक्त अजय नंदा खुद सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। वहीं, ड्रोन कैमरों और ऊंची इमारतों से भी निगरानी की जाएगी।
शहर में ट्रैफिक नियंत्रण भी लागू किया गया है। सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, हालांकि जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। भाजपा समर्थकों के लिए यह दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार बंगाल में भाजपा सरकार सत्ता संभालने जा रही है।