संभल में शादी की खुशियों पर आग का कहर, दो बेटियों का दहेज, नकदी और जेवर जलकर राख

(अजीम अब्बासी संवाददाता सभल)
संभल। जनपद के रुकनुद्दीन सराय इलाके में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात उनके घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखा नकद धन, जेवरात, कपड़े और दो बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया दहेज का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान की बात कही है।
पीड़िता खुर्शीदा पत्नी मौहम्मद जमील ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य एक दावत में गए हुए थे। रात करीब 10 बजे वापस लौटने पर घर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान जल गया।
परिवार के अनुसार चार महीने बाद उनकी बेटियां फिजा और गौसिया की शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के लिए वर्षों से जुटाया गया दहेज का सामान, नकदी और जेवरात आग में नष्ट हो गए। सूचना पर स्थानीय लोगों ने तीन-चार समरसेबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
पूर्व प्रधान मौहम्मद आसिफ ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग की टीम और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है। पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि दोनों बेटियों की शादी की तैयारियां दोबारा शुरू हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *