रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में चंदौसी के एसएम कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर विश्वविद्यालय के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।
चंदौसी के एसएम कॉलेज परिसर में समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने की मांग का समर्थन किया।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि सरकार को किसी भी निर्णय से पहले विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भवन मानचित्र या अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं में कोई कमी है तो सरकार नियमानुसार उसका समाधान कराए, लेकिन विश्वविद्यालय को बंद करने या ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई छात्रों के हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्र सभा इस कार्रवाई का विरोध करती है और विश्वविद्यालय में पढ़ रहे छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। उनका कहना था कि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए और छात्रों के भविष्य की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर अपनी एकजुटता दिखाई और विश्वविद्यालय के अस्तित्व को बनाए रखने की मांग उठाई।