संभल जनपद के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव इशाकपुर में मंगलवार सुबह एक खंडहरनुमा मकान में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के गांवों तक इसकी आवाज सुनाई दी। विस्फोट के कारण मकान पूरी तरह ढह गया और उसमें बंधी पांच भैंसें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि यह मकान बुलंदशहर निवासी श्योराज पुत्र लाल का है, जो पिछले कई वर्षों से खाली पड़ा था। गांव के कुछ लोगों द्वारा यहां भैंसें बांधी जाती थीं। सुबह करीब नौ बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान मलबे में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत, थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर मलबे में फंसे पशुओं को बाहर निकाला।
पुलिस जांच में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण की आशंका जताई जा रही है। एएसपी मनोज कुमार रावत ने बताया कि एक व्यक्ति के पास पटाखों का लाइसेंस है, लेकिन जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां अवैध तरीके से पटाखे रखे गए थे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।