लखनऊ में क्रिकेटर कुलदीप यादव का आज भव्य रिसेप्शन, कई दिग्गज हस्तियों के पहुंचने की संभावना
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के सम्मान में आज लखनऊ में भव्य रिसेप्शन समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शहर के प्रतिष्ठित होटल ‘द सेंट्रम’ में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसमें करीब 900 से अधिक मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
रिसेप्शन में शामिल होने के लिए देशभर से क्रिकेट, राजनीति और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां लखनऊ पहुंच रही हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वहीं ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी इस खास मौके का हिस्सा बनने के लिए शहर पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, टीम के कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई सचिव जय शाह समेत कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। वीवीआईपी मेहमानों की सुविधा के लिए चार चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था भी की गई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। गौरतलब है कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की मित्र वंशिका सिंह के साथ पारिवारिक माहौल में विवाह किया था।