गैस सिलेंडर की किल्लत व कालाबाजारी के खिलाफ समाजवादी महिला सभा ने सौंपा ज्ञापन
सम्भल जिले में बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के विरोध में समाजवादी महिला सभा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला सभा की ओर से दिए गए इस ज्ञापन में कहा गया कि जिले के कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिला सभा ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर कुछ लोग कालाबाजारी के माध्यम से ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेच रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गैस एजेंसियों की नियमित जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मूल्य पर सिलेंडर उपलब्ध हो सके। महिला सभा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।