(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल । प्रधानमंत्री अपील पर शादी-ब्याह में सादगी अपनाने और एक वर्ष तक सोना कम खरीदने तथा तेल की बचत करने की अपील को मुस्लिम धर्मगुरुओं का समर्थन मिला है। धर्मगुरुओं ने इसे देशहित में उठाया गया कदम बताते हुए लोगों से फिजूलखर्ची रोकने और निकाह को आसान बनाने की अपील की है।
धर्मगुरु मुफ्ती आलम रज़ा नूरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश किसी एक समुदाय के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के हित में है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आर्थिक चुनौतियों को देखते हुए जनता को सरकार के फैसलों का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि शादी समारोह में नया सोना-चांदी खरीदने के बजाय पुराने आभूषणों का उपयोग करें और दिखावे से बचें।
वहीं मौलाना वसी अशरफ ने कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े हालात को देखते हुए तेल बचाना समय की जरूरत है। उन्होंने नेताओं से भी बड़े काफिलों और रोड शो में तेल की खपत कम करने की सलाह दी। धर्मगुरुओं ने कहा कि इस्लाम भी सादगीपूर्ण निकाह की शिक्षा देता है और समाज को दिखावे से दूर रहकर सरल विवाह को बढ़ावा देना चाहिए।