
उत्तर प्रदेश पुलिस के दो तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों की प्रेम कहानी अब शादी के मुकाम तक पहुंच गई है। संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली की पुलिस अधीक्षक (SP) अंशिका वर्मा जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी 28 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर जिले में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी, जबकि 30 मार्च को जोधपुर में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा।
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के अधिकारी हैं। उनका जन्म राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव में एक किसान परिवार में हुआ। पढ़ाई के दौरान उन्होंने विदेश में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और फ्रांस सरकार की लगभग 40 लाख रुपये की स्कॉलरशिप हासिल कर पेरिस से मास्टर डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) के ट्रेड सेंटर में कंसल्टेंट के रूप में भी काम किया, जहां उन्हें करीब 30 लाख रुपये सालाना पैकेज मिला। बाद में उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की और दूसरे प्रयास में परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बने।

वहीं अंशिका वर्मा मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने नोएडा से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के दूसरे प्रयास में उन्होंने 136वीं रैंक हासिल कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया। वर्तमान में बरेली में तैनात अंशिका वर्मा सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं और इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
दोनों आईपीएस अधिकारियों की प्रेम कहानी साल 2021 में गोरखपुर से शुरू हुई थी। उस समय कृष्ण कुमार बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा वहां प्रशिक्षण के दौरान अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी थीं। ड्यूटी के दौरान हुई मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और समय के साथ यह रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब पांच साल बाद अब दोनों अपने रिश्ते को शादी का नाम देने जा रहे हैं।रिपोर्ट्स के मुताबिक 27 मार्च को बाड़मेर के धोरीमना गांव में हल्दी और संगीत समारोह होगा, जिसके बाद 28 मार्च को विवाह संपन्न होगा। इस खास मौके पर प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। हाल ही में होली के दौरान भी दोनों अधिकारी अपने डांस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे थे।
Source: One India News