
संभल में सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए राजस्व प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को संभल तहसील के राजस्व ग्राम मन्नीखेड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य की 39 बीघा पशुचर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देश पर की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जनपद में किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार बबलू कुमार ने किया। उनके साथ राजस्व निरीक्षक योगेंद्र और चंद्रपाल, लेखपाल मनोज एवं मयूरी सहित राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का चिन्हांकन कराया और कब्जा हटवाने की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार गाटा संख्या 1266 (1.587 हेक्टेयर) पशुचर भूमि पर विजय पुत्र गंगा राम द्वारा सरसों और गेहूं की फसल उगाई गई थी, जबकि धीरज, नीरज और रनवीर पुत्र नौबत ने भी वहां गेहूं की फसल बो रखी थी। इसी तरह गाटा संख्या 1339 (0.324 हेक्टेयर) पर धीरज, नीरज और रनवीर द्वारा अवैध रूप से गन्ने की फसल लगाई गई थी। इसके अलावा गाटा संख्या 1267 (0.660 हेक्टेयर) पर सुरेश, जयसिंह पुत्र नन्हे तथा राकेश पुत्र लीलाधर द्वारा गेहूं और मक्का की फसल बोकर कब्जा किया गया था।

राजस्व टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 80 बीघा पशुचर भूमि में से 39 बीघा भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।