संभल। जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच दिनदहाड़े मुठभेड़ हो गई। चेकिंग अभियान के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में एक पशु तस्कर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि असमोली थाना प्रभारी (SHO) भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना असमोली क्षेत्र के मढ़न गांव के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में मुरादाबाद निवासी इमरान के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इमरान पर पशु क्रूरता समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कांबिंग कर रही हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
वाइट अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह