54 लाख के कथित गबन के आरोपी रिटायर्ड DIOS की नियुक्ति पर घमासान, शिक्षा मंत्री ने दिए हटाने और वसूली के निर्देश
संभल। जनपद में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक और मामला चर्चा का विषय बन गया है। करीब 53.98 लाख रुपये के कथित गबन के आरोपों का सामना कर रहे सेवानिवृत्त जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्यामा कुमार की जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (DPMU) में नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि वेतन निर्धारण में कथित फर्जी प्रविष्टियां कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया, जिसकी जांच पहले से चल रही है। इसके बावजूद उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को आरोपी अधिकारी को तत्काल DPMU पद से हटाने तथा कथित गबन की 53.98 लाख रुपये की राशि की नियमानुसार वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में शिक्षा विभाग में एक अन्य कथित भ्रष्टाचार का मामला भी चर्चा में रहा था। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद संभल में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक कार्रवाई पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं।