(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
आंधी-तूफान एवं वज्रपात से बचाव को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
जनपद में संभावित आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व द्वारा आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
एडवाइजरी में बताया गया है कि आंधी-तूफान के दौरान लोग टिन की छत, होर्डिंग, क्षतिग्रस्त मकान, पेड़, बिजली के खंभे और मोबाइल टावर से दूर रहें। घरों के बाहर या छतों पर रखी भारी वस्तुओं को बांधकर सुरक्षित रखें, क्योंकि तेज हवा में इनके उड़ने का खतरा रहता है। यात्रा के दौरान मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खुले में धारदार और नुकीली वस्तुएं न रखें तथा धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग न करें। आकाशीय बिजली के समय पक्के मकान में शरण लेने, खिड़की-दरवाजों और बरामदों से दूर रहने तथा पेड़, मोबाइल टावर, बिजली के खंभों, तालाब और कच्चे मकानों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
बच्चों को खराब मौसम में बाहर न खेलने देने और लोहे की खिड़की, दरवाजे व हैंडपंप आदि को न छूने की सलाह दी गई है। यदि कोई व्यक्ति खुले खेत में फंस जाए तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से “दामिनी ऐप” और “सचेत ऐप” डाउनलोड करने की अपील की है, ताकि मौसम और आकाशीय बिजली से संबंधित पूर्व चेतावनी समय पर प्राप्त हो सके और जनहानि को कम किया जा सके।