(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
जनपद सम्भल पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्ष 2020 में लापता हुई एक बालिका को करीब 6 वर्ष 6 माह बाद सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में एक पुरुष और एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में रजपुरा क्षेत्र से एक 11 वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय तक बालिका का कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटी) को सौंपी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया, मुखबिर तंत्र तथा विभिन्न एजेंसियों की सहायता से लगातार प्रयास जारी रखे।
हाल ही में मिली एक सूचना के आधार पर पुलिस ने बालिका को एक बच्चे के साथ सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता ने बताया कि उसे बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया था और कई वर्षों तक जबरन अपने साथ रखा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आकाश उर्फ त्रिपाल तथा उसकी बहन पूजा उर्फ कस्तूरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है तथा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में एएचटी और स्थानीय पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।