डेढ़ लाख रुपये हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, 2 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये की कथित लूट की घटना का महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी, बल्कि मजदूर ने अपने मालिक के रुपये हड़पने के लिए झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी।

पुलिस के अनुसार रहटोला गांव निवासी अमन ने अपने मालिक अवनेश कुमार के डेढ़ लाख रुपये हड़पने की नीयत से लूट की झूठी सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी, जिसके बाद पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपी अमन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक जियो कंपनी का मोबाइल फोन तथा एक महिंद्रा युवराज 215 ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद की गई। आरोपी को बिलारी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने न केवल झूठी सूचना का पर्दाफाश किया बल्कि पूरी धनराशि भी बरामद कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *