(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल के बहजोई के लक्ष्मी टैक्सी सिनेमा हॉल क्षेत्र में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। ट्रांसफॉर्मर बदलने के बाद भी दो मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं होने से करीब 100 से अधिक घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। भीषण गर्मी के बीच बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का जीना दुश्वार हो गया है। रातभर बिजली न आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि विद्युत विभाग ने जानबूझकर उनके इलाके की सप्लाई काटी हुई है, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और ऊपर कोर्ट रोड स्थित स्पेलर तेल निकालने वाले स्पिनरों को लगातार भरपूर बिजली दी जा रही है। लोगों का कहना है कि आखिर दो मोहल्लों की ही सप्लाई क्यों बंद की गई, जबकि आसपास अन्य क्षेत्रों में बिजली सुचारू रूप से चल रही है।
स्थानीय लोगों में विभाग के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। पीड़ितों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मामले की शिकायत जिलाधिकारी समेत विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से की गई है। वहीं कनेक्शन काटने का वीडियो भी लोगों के पास मौजूद बताया जा रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।