(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल। थाना गुन्नौर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर नियमों की अनदेखी करते हुए प्रतिबंधित श्रेणी की भूमि का पट्टा आवंटन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लेखपालों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लेखपाल हल्का क्षेत्र भौनागला की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर नियमों को दरकिनार करते हुए प्रतिबंधित श्रेणी की भूमि के पट्टों के आवंटन में अनियमितताएं की गई थीं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रांत, महेंद्र सिंह, भारद्वाज, राजवीर सिंह, ओमवीर सिंह और भीमराव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और लोगों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जा सकती है।