संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब ट्यूबवेल पर सो रहे एक ग्रामीण का शव संदिग्ध हालत में मिला। बताया जा रहा है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है।
सुबह जब परिजनों ने ग्रामीण को मृत अवस्था में देखा तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए जांच की मांग की है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में इसी गांव में तीन हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।