
संभल हयातनगर। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व भाई दूज इस बार हयातनगर में एक अनोखे अंदाज में मनाया गया। आधुनिक तकनीक ने भाई-बहन के बीच की दूरी को भी बेअसर कर दिया। समाजसेविका दीपा वार्ष्णेय ने दिल्ली में रह रहे अपने बड़े भाई का वीडियो कॉल के माध्यम से ऑनलाइन तिलक कर भाई दूज का पर्व मनाया।
दरअसल, जरूरी कारणों के चलते उनके बड़े भाई इस बार त्योहार पर घर नहीं पहुंच सके। ऐसे में दीपा वार्ष्णेय ने परंपरा को निभाने के लिए तकनीक का सहारा लिया। वीडियो कॉल के जरिए भाई से जुड़कर उन्होंने रोली और अक्षत का तिलक किया तथा उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। भाई ने भी वीडियो कॉल पर बहन की शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
इस दौरान भाई-बहन के बीच भावुक पल देखने को मिले। दीपा वार्ष्णेय ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता किसी दूरी या माध्यम का मोहताज नहीं होता। रिश्तों में प्रेम और भावनाएं सबसे महत्वपूर्ण हैं। आज तकनीक के माध्यम से दूर रहकर भी त्योहारों की खुशियां अपनों के साथ साझा की जा सकती हैं।
उनकी इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खूबसूरती महंगे उपहारों में नहीं, बल्कि अपनों के प्रति प्रेम, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव में छिपी होती है।