
सम्भल। 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव को भव्य एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बेनीपुर चक गांव स्थित प्राचीन 68 तीर्थों एवं 19 महाकूपों में शामिल श्री वंश गोपाल तीर्थ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेला स्थल और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने मेला स्थल और आसपास साफ-सफाई, पेयजल के लिए पानी के टैंकर, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने प्राचीन नैमिषारण्य तीर्थ पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। तीर्थ परिसर में आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें लगाने और जलाशय पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त गोताखोर तैनात करने को कहा गया।

परिक्रमा मार्ग के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था रहेगी। महोत्सव के दौरान प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा मुख्य मार्गों पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही ड्रोन के माध्यम से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी होगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रशासन की ओर से पांच जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित एवं सुखद आध्यात्मिक अनुभव लेकर लौटें।

इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, एसडीएम विकास चन्द्र, बीडीओ प्रेम पाल सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। श्री वंश गोपाल तीर्थ के महंत स्वामी भगवत प्रिय महाराज एवं नैमिषारण्य तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ जी महाराज भी उपस्थित रहे।