
पीलीभीत। जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के दौरान एक तेंदुए की मौत हो गई। घटना कल्याणपुर नहर के पास की बताई जा रही है। सड़क किनारे तेंदुए का शव पड़ा देखकर राहगीरों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से तेंदुए की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके। विभाग की ओर से अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तेंदुए की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।