बहजोई। भारतीय किसान यूनियन टिकैत का सदस्यता ग्रहण अभियान क्षेत्र में जोर पकड़ रहा है। सोमवार को ग्राम नाधौस ब्लॉक बहजोई तथा बहजोई नगर के मोहल्ला पच्चीसा स्थित जनता पब्लिक स्कूल में संगठन विस्तार को लेकर पंचायत आयोजित की गई। दोनों पंचायतों में सैकड़ों किसानों और मजदूरों ने भाकियू टिकैत की सदस्यता ग्रहण की। बहजोई नगर पंचायत में 25 किसानों ने सदस्यता ली, जबकि नाधौस में 101 किसानों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मुर्शिद अली को बहजोई नगर अध्यक्ष बनाया गया।

पंचायतों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश विजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसानों के हितों की मजबूती भाकियू टिकैत के संघर्ष से ही संभव है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की। पंचायतों में क्षेत्रीय समस्याओं पर गंभीर मंथन करते हुए जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।

नाधौस पंचायत में चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर किसानों में आक्रोश रहा। जर्जर विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने, नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत विजिलेंस द्वारा किसानों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग उठी। समस्याओं के समाधान के लिए संभल विद्युत विजिलेंस कार्यालय व अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर आंदोलन की घोषणा की गई।