(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
संभल के बहजोई स्थित कलक्ट्रेट सभागार में आगामी ईद उल अजहा (बकरीद) के मद्देनज़र पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और कानून व्यवस्था के तहत संपन्न कराना रहा।
बैठक में प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार से पहले नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा पानी के टैंकरों की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल परंपरागत स्थलों पर ही की जाए और खुले में किसी भी प्रकार की कुर्बानी न हो। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहार में किसी भी नई परंपरा को शुरू न करने की अपील की गई।
बैठक में यह भी कहा गया कि कुर्बानी के बाद अवशेषों का समय से निस्तारण कराया जाए और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर कुर्बानी से संबंधित वीडियो अपलोड या शेयर न करने की भी अपील की।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि धार्मिक माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे।
पीस कमेटी के सदस्यों ने भी आपसी भाईचारे और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की।