सीएम योगी 18 जुलाई को संभल को देंगे 569 करोड़ की सौगात, 66 विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास व लोकार्पण
संभल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को संभल जिले के दौरे पर आकर 568.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। दोपहर 3 बजे इंटीग्रेटेड मुख्यालय भवन के निकट आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री 500.02 करोड़ रुपये की 54 नई परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 68.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 12 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनता को संबोधित भी करेंगे।
सबसे बड़ी परियोजना 300.11 करोड़ रुपये की लागत से 24 कोसीय वंशगोपाल तीर्थ परिक्रमा मार्ग के निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की है। इसके अलावा बहजोई में 63.25 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड के जिला चिकित्सालय, चंदौसी में नए बस स्टेशन तथा संभल में रोडवेज डिपो कार्यशाला का भी शिलान्यास होगा। पर्यटन, शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए पर्यटक सुविधा केंद्र, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, कस्तूरबा गांधी छात्रावास सहित कई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। वहीं, कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, नए विद्यालयों और ऐतिहासिक तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसी परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
18 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल में 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जनसभा के दौरान शिलान्यास, लोकार्पण और विकास योजनाओं पर जनता को संबोधित करेंगे।