तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) एक नए विवाद में घिर गई है। विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने वाली TVK पर एएमएमके ने फर्जी समर्थन पत्र तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले ने राज्य की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है।
एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायक एस कामराज के नाम से नकली समर्थन पत्र राज्यपाल को भेजा गया है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी ने TVK को किसी भी प्रकार का समर्थन नहीं दिया है और एएमएमके अब भी एनडीए गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है। दिनाकरन ने इस मामले को आपराधिक साजिश बताते हुए गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
हालांकि TVK ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विधायक एस कामराज का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में कामराज दावा करते दिख रहे हैं कि उन्होंने एएमएमके नेतृत्व की अनुमति से स्वेच्छा से समर्थन पत्र लिखा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
गौरतलब है कि 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत से 10 सीट पीछे चल रही TVK लगातार अन्य दलों से समर्थन जुटाने में लगी है। अब राज्यपाल के अगले कदम और संभावित सरकार गठन पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।