गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई; एक दर्जन घायल, पांच रेफर

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार परिवार कश्मीर से लखनऊ जा रहा था। गंगा एक्सप्रेसवे पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बच्चे, महिलाएं और पुरुष समेत लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *