सरकारी रास्ते की जमीन पर बनी ईदगाह की अवैध बाउंड्रीवाल पर चला बुलडोजर

सरकारी रास्ते की जमीन पर बनी ईदगाह की अवैध बाउंड्रीवाल पर चला बुलडोजर

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल। जनपद संभल में सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुन्नौर तहसील क्षेत्र के दौलतखां गांव स्थित ईदगाह परिसर में सरकारी रास्ते की जमीन पर निर्मित अवैध बाउंड्रीवाल और एक कोठरी को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ईदगाह की बाउंड्रीवाल सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर बनाई गई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश कराई। जांच में सरकारी रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होने पर ईदगाह कमेटी को निर्धारित समय के भीतर अवैध निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके चलते तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की सहायता से अवैध बाउंड्रीवाल तथा कोठरी को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं स्थानीय निवासी जीशान ने प्रशासनिक कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *