(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
बहजोई, संभल। बहजोई पुलिस ने क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल और उसे बेचकर प्राप्त 14,360 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर चितौरा रोड के पास संभल जाने वाले मार्ग से आरोपी मुलजिम पुत्र असलम और अय्या उर्फ तहजीब पुत्र आलम हुसैन, निवासी मोहल्ला कुरैशियान कस्बा बहजोई को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक बोरे में पीतल के बर्तन तथा चोरी का माल बेचकर प्राप्त नकदी बरामद की गई।
पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बंद पड़े मकानों और दुकानों की रेकी कर रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी का सामान चितौरा रोड स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखते थे और बाद में राहगीरों को कम कीमत पर बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का संबंध बहजोई क्षेत्र में दर्ज तीन चोरी के मुकदमों से है। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।