(रईस अल्वी संवाददाता संभल)
सम्भल जनपद के गुन्नौर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में बैलगाड़ी यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष काज़ी हम्माद मुबीन ने किया। कार्यकर्ता गुन्नौर बिजली घर से बैलगाड़ी पर सवार होकर तहसील चौक पहुंचे, जहां उन्होंने उपजिलाधिकारी गुन्नौर को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष काज़ी हम्माद मुबीन ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री, सब्जियों, दवाइयों, शिक्षा और रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान खेती की बढ़ती लागत से परेशान है, नौजवान बेरोजगारी और महंगाई की दोहरी मार झेल रहा है तथा आम नागरिक का घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लगातार परीक्षाएं लीक हो रही हैं, जिससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन जनता और देशहित में किया गया है तथा कांग्रेस महंगाई के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में दुष्यंत कुमार सिंह, मुनेश जोशी, मनवीर सिंह, उवैस अब्बासी, शानू, पूरण यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।