ऑपरेशन दहन’ के तहत सम्भल पुलिस ने 2.08 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ किए नष्ट

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

सम्भल। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से जनपद सम्भल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सम्भल कृष्ण कुमार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा बरामद किए गए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण किया गया।
जानकारी के अनुसार थाना बहजोई, चन्दौसी, ऐंचौड़ा कम्बोह एवं जीआरपी चन्दौसी में पंजीकृत कुल 11 अभियोगों से संबंधित 1015.35 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों, जिनमें डोडा, स्मैक, चरस आदि शामिल हैं, को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 56 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
विनिष्टीकरण की प्रक्रिया पुनः चक्रण प्राइवेट लिमिटेड, बबराला में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से संपन्न कराई गई। पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी लाइन/सम्भल कुलदीप सिंह तथा गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में सम्पन्न हुई। प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फोटो एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।
सम्भल पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *