अली लारिजानी को निशाना बनाने का इजराइल का दावा, ईरान ने बताया ‘झूठ’, जल्द देगा आधिकारिक बयान
मध्य-पूर्व में जारी तनाव के बीच इजराइल ने ईरान के प्रभावशाली नेता अली लारिजानी को निशाना बनाकर हमला करने का दावा किया है। इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने कहा कि तेहरान में लारिजानी के ठिकानों पर खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। हालांकि अभी तक उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और ईरान ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार (16 मार्च) देर रात लारिजानी से जुड़े ठिकानों को टारगेट बनाया गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में जारी सैन्य टकराव के बीच उन्हें ईरान की रणनीतिक गतिविधियों के समन्वय में अहम भूमिका निभाते हुए देखा जा रहा था।
इजराइली सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि इस अभियान में ईरान की अर्द्धसैनिक इकाई बासिज फोर्स के प्रमुख गुलामरेज़ा सुलेमानी को भी मार गिराया गया है। हालांकि इन दावों पर ईरान की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
अली लारिजानी को ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई का करीबी माना जाता है और उन्हें वर्ष 2025 में देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सचिव नियुक्त किया गया था। हाल के दिनों में उन्होंने क्षेत्रीय संघर्ष को लेकर मुस्लिम देशों से एकजुटता की अपील भी की थी।
घटनाक्रम के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है।