
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद एक बार फिर उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद रामपुर से लेकर प्रदेश की सियासत तक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, आजम खान 17 नवंबर 2025 को अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद रामपुर जिला जेल में बंद थे। हाल ही में जौहर ट्रस्ट को मिले चंदे और निर्माण लागत में कथित अनियमितताओं के मामले में ईडी ने अजीमनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
शनिवार को आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से बाहर आए। इसी दौरान ईडी अधिकारियों के साथ पहुंचे सुरक्षा बलों ने आजम खान को हिरासत में ले लिया। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद ईडी की टीम उन्हें लेकर रवाना हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, आजम खान को गाजियाबाद स्थित ईडी की अदालत में पेश किया जा सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम अपने घर पहुंच गए, जिससे परिवार और समर्थकों में खुशी देखने को मिली। आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी के आधार और आजम खान को कहां ले जाया गया है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने इस कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण रवैया बताया।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।