
सम्भल (चन्दौसी
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ कस्बा चन्दौसी में पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और आमजन को सुरक्षा का बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए।

एसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा क्षेत्र में लगातार प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।

पुलिस अधीक्षक की इस पैदल गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना रहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी चन्दौसी विवेक जावला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।