
हरदोई। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 कुंतल संदिग्ध सोहनपपड़ी जब्त की है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त कुमार गुंजन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम ने हरदोई के शंकर बख्शी पुरवा, बिलग्राम रोड स्थित संदीप गुप्ता के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में सोहनपपड़ी बरामद हुई। अधिकारियों ने जांच के लिए सोहनपपड़ी के नमूने भी संग्रहित किए। साथ ही मौके से बड़ी मात्रा में सिंथेटिक रंग एवं अन्य संदिग्ध मिलावटी पदार्थ मिलने की जानकारी सामने आई। विभागीय अधिकारियों ने लगभग 15 कुंतल सोहनपपड़ी को जब्त कर लिया।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक संदीप गुप्ता मौके से फरार हो गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।