
सम्भल (बहजोई), 03 नवंबर 2026। कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में मंगलवार को सांसद जियाउर्रहमान बर्क की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी सहित जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में सांसद ने निर्देश दिए कि दिशा की बैठक प्रत्येक तीन महीने में नियमित रूप से आयोजित की जाए। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 7280 किसानों ने बीमा कराया, जबकि 1030 किसानों ने दावे प्रस्तुत किए। इनमें से 777 दावे निरस्त कर दिए गए। इस पर सांसद ने कृषि विभाग को सभी निरस्त दावों की दोबारा जांच कराने और सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने तथा निर्मित सड़कों का निरीक्षण करने को कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को दूसरी और तीसरी किस्त समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में रोजगार, किसान सम्मान निधि, पेंशन, राशन कार्ड, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेलो इंडिया सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। सम्भल में स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा पेयजल पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत की जांच को समिति गठित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री गुलाब देवी ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।