
सम्भल। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सम्भल श्री विकास चन्द्र त्रिपाठी ने रविवार को जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसपी ने थाना बहजोई व सम्भल क्षेत्र, खीरनी टोल प्लाजा स्थित गंगा एक्सप्रेसवे के कांवड़ मार्ग, सादातबाड़ी शिव मंदिर तथा राजघाट बबराला का स्थलीय निरीक्षण किया।

सादातबाड़ी शिव मंदिर में पुलिस बल को ब्रीफ कर भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास, सीसीटीवी, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने मंदिर में पूजा-अर्चना एवं भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया।

राजघाट बबराला में कांवड़ियों की संभावित भीड़ के मद्देनजर घाट की सुरक्षा, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं नरौरा बॉर्डर पर चेकिंग, बैरियर एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। गंगा बैराज पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की सतर्कता, साफ-सफाई और फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसपी ने निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी पालन कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।