संभल/बहजोई, जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में भारतीय रेल वित्त निगम (IRFC) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत छात्राओं को खेल सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान ट्रैक सूट, टी-शर्ट, जूते सहित विभिन्न खेल सामग्री छात्राओं को प्रदान की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में खेलों के प्रति रुचि और सहभागिता बढ़ाना तथा उन्हें आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराकर “फिट गर्ल्स, फिट इंडिया” अभियान को मजबूती देना रहा।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं से उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री का नियमित उपयोग करने और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वीर इन्द्रा सोशल ग्रुप सोसायटी की वंदना राय ने कहा कि संस्था कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।