संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का गुरुवार को जनपद संभल के विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। अखिलेश यादव सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ संभल होते हुए बदायूं जनपद के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके स्वागत के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक पहले से मौजूद रहे।
चंदौसी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी विमलेश कुमारी के समर्थकों ने भी अखिलेश यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और समाजवादी पार्टी के पक्ष में जमकर नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अखिलेश यादव ने वाहन से ही हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उनके स्वागत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।