संभल जनपद के थाना कैलादेवी क्षेत्र के ग्राम ठांठी निवासी ओमकार पुत्र भुरे ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बहन के अपहरण और परिवार पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार उसकी 17 वर्षीय बहन को पहले मेरठ निवासी युवक बहला-फुसलाकर ले गया था, जिसके संबंध में थाना कैलादेवी में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस ने लड़की को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था।
पीड़ित का आरोप है कि 6 मई 2026 को पुराने विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों ने अवैध हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर उसकी बहन को जबरन अपने साथ ले गए।
मामले में थाना कैलादेवी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से बहन की सकुशल बरामदगी, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।