पटना में फिल्मी अंदाज में ज्वेलरी शॉप लूट की कोशिश, दो नाबालिग छात्राएं गिरफ्तार


पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी इलाके में शुक्रवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां दो नाबालिग छात्राओं ने ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश की। दोनों लड़कियां ग्राहक बनकर ‘मां वैष्णो ज्वेलर्स’ दुकान में पहुंचीं और दुकानदार से कान की बालियां दिखाने को कहा।
दुकानदार राजेश कुमार जब उन्हें गहने दिखा रहे थे, तभी एक लड़की ने अचानक उनकी आंखों में स्प्रे छिड़कने का प्रयास किया। हालांकि दुकानदार सतर्कता दिखाते हुए पीछे हट गए और तुरंत दुकान से बाहर निकलकर शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
अफरातफरी के बीच एक लड़की वहां से भाग निकली, जबकि दूसरी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने पकड़ी गई लड़की की निशानदेही पर दूसरी लड़की को भी हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में पता चला कि दोनों छात्राएं नाबालिग हैं और एक ही स्कूल में पढ़ती हैं। उन्होंने आर्थिक तंगी के चलते गहने लूटकर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों को रिमांड होम भेज दिया है।
दीघा थाना प्रभारी अवनीश कुमार के अनुसार शुरुआती जांच में किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस एक छात्रा के पिता के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *