चंदौसी में यातायात पुलिस का मानवीय चेहरा, सड़क के गड्ढे भरवाकर जाम से दिलाई राहत

(रईस अल्वी संवाददाता संभल)

संभल जनपद के चंदौसी में यातायात पुलिस ने जनसेवा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संभल के निर्देशन में यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने बदायूं चुंगी स्थित ट्रैफिक बूथ के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भरवाकर आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की।

सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। यातायात पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मिट्टी और पत्थर मंगवाकर गड्ढों की मरम्मत कराई, जिससे मार्ग को सुरक्षित बनाया जा सका। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

इसके साथ ही चंदौसी रेलवे फाटक पर ट्रेनों के लगातार आवागमन के चलते लगने वाले भारी जाम को भी यातायात पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए खुलवाया। पुलिस कर्मियों ने मौके पर यातायात को सुचारु रूप से संचालित कर लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा और जनहित से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

बाइट: जगरोशन सिंह, टीएसआई, संभल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *